कर्नाटक डीजीपी का अश्लील वीडियो वायरल के बाद हुए निलंबित, गरमाई सियासत

बेंगलुरू। कर्नाटक पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी से जुड़ा अश्लील वीडियो सामने आने के बाद राज्य की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल आ गया है। सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजीपी को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
बेंगलुरु में कर्नाटक पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (सिविल राइट्स एनफोर्समेंट) के. रामचंद्र राव का एक कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। वीडियो में वह अपने कार्यालय में ही कई अलग-अलग महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। हालांकि तथ्यवाणी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि अधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे पद कितना ही बड़ा क्यों न हो।
विवाद बढ़ने के बाद डीजीपी रामचंद्र राव गृह मंत्री जी. परमेश्वर से मिलने उनके आवास पहुंचे, हालांकि मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में वीडियो को पूरी तरह झूठा और मॉर्फ्ड बताया। उन्होंने कहा कि वह अपने वकीलों से सलाह लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे।
फिलहाल राज्य सरकार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और वीडियो की प्रामाणिकता की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। उल्लेखनीय है कि रामचंद्र राव इससे पहले भी तब सुर्खियों में आए थे, जब उनकी बेटी और अभिनेत्री रह चुकी रान्या राव का नाम सोना तस्करी के एक मामले में सामने आया था। एक बार फिर यह परिवार विवादों के चलते चर्चा में है।