काठमांडू: नेपाल में रविवार सुबह हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप पर अचानक हिमस्खलन हो गया। इस घटना के बाद कम से कम 10 स्थानीय पर्वतारोही और गाइड लापता बताए जा रहे हैं। हिमलुंग हिमाल की ऊंचाई करीब 7,126 मीटर है और यह नेपाल-तिब्बत सीमा के पास स्थित है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से इस इलाके में भारी बर्फबारी हो रही थी। लगातार जमा हो रही बर्फ के बीच रविवार सुबह हिमस्खलन हुआ और बेस कैंप के आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
खराब मौसम से रेस्क्यू ऑपरेशन में देरी
लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम और दो हेलीकॉप्टर तैयार किए गए हैं, लेकिन खराब मौसम बड़ी परेशानी बना हुआ है। मौसम साफ नहीं होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहे हैं और सर्च ऑपरेशन में देरी हो रही है।
हिमालय हॉलिडेज ट्रेकिंग से जुड़े विभूति चंद ठाकुर के मुताबिक, उनकी ऑपरेशन टीम के आठ सदस्य लापता हैं, जबकि दूसरी कंपनी के दो लोग भी नहीं मिल रहे हैं। सभी लापता लोग नेपाली बताए गए हैं।
कई दिनों से हो रही भारी बर्फबारी
हिमस्खलन ऐसे समय हुआ है जब नेपाल के कई हिस्से खराब मौसम की मार झेल रहे हैं। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में हालात मुश्किल बने हुए हैं। कई जगह सड़कों को नुकसान पहुंचा है और लैंडस्लाइड की घटनाएं भी सामने आई हैं।
भारी बर्फबारी का असर दूसरे पर्वतीय इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। मनासलू क्षेत्र में पर्वतारोहण से जुड़े कई ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं, जबकि धौलागिरी क्षेत्र में भी ट्रेकिंग गतिविधियों पर असर पड़ा है।

