1 फरवरी से सख्ती, बिना यूपीसी ओडिशा में नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल

शेयर करे

भुवनेश्वर। प्रदूषण से जूझ रहे ओडिशा में सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। 1 फरवरी से बिना वैध पीयूसी सर्टिफिकेट के वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा। यह कदम पर्यावरण सुधार की दिशा में अहम माना जा रहा है, हालांकि आम लोगों में इसे लेकर नाराजगी भी है।
ओडिशा सरकार ने बढ़ते प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए 1 फरवरी से बड़ा फैसला लागू करने का ऐलान किया है। अब राज्य में बिना वैध ‘पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल’ सर्टिफिकेट के किसी भी वाहन को पेट्रोल या डीजल नहीं मिलेगा।
कॉमर्स और ट्रांसपोर्ट मंत्री बिभूति भूषण जेना ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि यह कोई नया नियम नहीं है। उन्होंने बताया कि खराब होती एयर क्वालिटी को देखते हुए इस नियम को सख्ती से लागू करना जरूरी हो गया है।
मंत्री ने लोगों की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब हवा जहरीली हो रही है, तब ऐसे कदमों पर आपत्ति समझ से परे है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि भारी जुर्माने को लेकर लोगों की शिकायतें आ रही हैं और इस पर पुनर्विचार किया जाएगा।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में भी प्रदूषण के खिलाफ इमरजेंसी उपाय लागू किए गए हैं। राजधानी में भी बिना वैध पीयूसी सर्टिफिकेट वाले वाहनों को पेट्रोल पंप से ईंधन नहीं दिया जा रहा।
ओडिशा सरकार का मानना है कि यह कदम लोगों को प्रदूषण के प्रति जिम्मेदार बनाने में मदद करेगा। अब देखना होगा कि सख्ती के इस फैसले का जमीनी असर कितना प्रभावी साबित होता है।