दुर्ग (छत्तीसगढ़)। भिलाई के सेक्टर-6 में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों को देखते हुए दुर्ग पुलिस प्रशासन सर्तक हो गई। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करते हुए व्यापक इंतजाम किए।
हिरासत में 9 महिलाएं
इसी भीड़भाड़ के बीच चेन स्नेचिंग, पॉकेटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों भी अधिक होती है। आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एक विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान कथा स्थल और उसके आसपास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 9 बाहरी महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा की रहने वाली हैं। पूछताछ के दौरान वे कोई भी वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी।
प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि- वे अपने कीमती सामान की स्वयं सुरक्षा करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे आयोजन स्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


