Saturday, September 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsश्योपुर जेल से कैदी फरार, 22 फीट ऊंची दीवार चादरों की रस्सी...

श्योपुर जेल से कैदी फरार, 22 फीट ऊंची दीवार चादरों की रस्सी से की पार; तलाश में जुटी पुलिस

श्योपुर: श्योपुर जिला जेल से 24 वर्षीय कैदी धर्मेंद्र कुशवाहा के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैदी ने चादरों को जोड़कर रस्सी बनाई और उसके सहारे करीब 22 फीट ऊंची जेल की दीवार पार कर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें उसकी तलाश में जुट गई हैं। आसपास के जिलों के पुलिस थानों को भी कैदी के फरार होने की सूचना दी गई है।

गीता पाठ की ऑनलाइन ट्रेनिंग के बाद बैरक में नहीं लौटा

जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की है। जेल में कुछ कैदियों के लिए गीता पाठ की ऑनलाइन ट्रेनिंग आयोजित की जा रही थी। ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद सभी कैदियों को अपनी-अपनी बैरक में लौटना था। इसी दौरान धर्मेंद्र कुशवाहा बैरक में नहीं पहुंचा।

जब जेल कर्मचारियों ने उसकी तलाश की तो उसके फरार होने की जानकारी सामने आई। जांच में पता चला कि धर्मेंद्र ने चादरों को आपस में जोड़कर रस्सी तैयार की और इसी के सहारे जेल परिसर की करीब 22 फीट ऊंची दीवार पार कर ली।

ये भी पढ़े  NSUI ने शासकीय नर्सिंग कॉलेजों में नियम विरुद्ध फैकल्टियों को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की

कराहल थाने के मामलों में 31 मई को भेजा गया था जेल

फरार कैदी धर्मेंद्र कुशवाहा, पिता सुरेंद्र कुशवाहा, पलायचा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसे कराहल थाने में दर्ज केस नंबर 137/2 और 87 के मामले में 31 मई को जेल भेजा गया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और श्योपुर पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी।

आसपास के जिलों में भी भेजी गई सूचना

श्योपुर पुलिस ने फरार कैदी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आसपास के जिलों के थानों को भी कैदी के हुलिए और फरारी की जानकारी भेजी है।

श्योपुर एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि फरार कैदी की तलाश की जा रही है और आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कैदी के 22 फीट ऊंची दीवार पार कर फरार होने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब यह भी जांच का विषय है कि ऑनलाइन ट्रेनिंग के दौरान कैदियों की निगरानी किस तरह की जा रही थी और धर्मेंद्र को चादरों को जोड़कर रस्सी बनाने तथा दीवार तक पहुंचने का मौका कैसे मिला।

जेल प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच में सुरक्षा में लापरवाही और कैदी के फरार होने की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन