AI समिट पर बवाल: राहुल का SP–BSP ने भी नहीं दिया साथ, मायावती और सपा ने लगाई फटकार

शेयर करे

नई दिल्ली। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के अचानक किए गए शर्टलेस प्रदर्शन ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। विरोध की ये शैली कांग्रेस को तो घेर ही रही है, लेकिन हैरानी की बात ये है कि उसके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी इस मामले में कांग्रेस के साथ खड़े नहीं दिखे। दोनों दलों ने यूथ कांग्रेस के आक्रामक प्रदर्शन को ‘अनुचित’ और ‘देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला’ बताया है।

मायावती का सख्त तेवर

बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि- अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में अर्धनग्न होकर विरोध करना बिल्कुल अस्वीकार्य है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा पोस्ट करते हुए लिखा कि- एआई समिट में देश-विदेश के प्रतिनिधि मौजूद थे, ऐसे मंच पर इस तरह का व्यवहार भारत की प्रतिष्ठा को आघात पहुँचाता है। विरोध करना लोकतांत्रिक हक है, लेकिन मर्यादा और स्थान का ध्यान रखना भी जरूरी है। मायावती ने साफ कहा कि देश की गरिमा से खिलवाड़ न किया जाए।

समाजवादी पार्टी ने भी जताई आपत्ति

वहीं कांग्रेस की सहयोगी सपा ने भी यूथ कांग्रेस के विरोध पर सवाल उठाए। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा- विरोध करना लोकतंत्र का हिस्सा है, मगर हर जगह और हर तरीके से विरोध नहीं किया जा सकता। यूथ कांग्रेस ने स्थान का गलत चुनाव किया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि विरोध के तरीके कई हो सकते हैं और इतिहास में लोगों ने अपनी बात मनवाने के लिए अलग-अलग रूप अपनाए हैं।

जिस कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी प्रगति और वैश्विक सहयोग था, वही अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है। यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन न केवल अंतरराष्ट्रीय मंच पर असहजता का कारण बना, बल्कि इससे विपक्षी पार्टियों की एकता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *