Bhopal: भोपाल में इस वीकेंड फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकार अपने दर्शकों के बीच नजर आने वाले हैं। फिल्म में गोपाल बहेलिया, पार्वती माई और चांद चोर का किरदार निभाने वाले कलाकार शनिवार को शहर पहुंच रहे हैं। शाम को टीम अवधपुरी स्थित रीगल सिनेमा में ऑडियंस के साथ सीधे बातचीत करेगी।
फिल्म में गोपाल बहेलिया का किरदार भगवानदास पटेल, पार्वती माई का किरदार नेहा परांजपे और चांद चोर का किरदार अभिषेक मिश्रा ने निभाया है।
रविवार को दो जगह पहुंचेगी टीम
शनिवार के कार्यक्रम के बाद फिल्म की टीम रविवार को भी भोपाल में रहेगी। सुबह 11:30 बजे बंसल प्लाजा मल्टीप्लेक्स और दोपहर 2:30 बजे डीबी मॉल में कलाकार दर्शकों से मिलेंगे।
फिल्म का मध्य प्रदेश से खास कनेक्शन
‘हनुमान अंश’ का मध्य प्रदेश से भी खास नाता है। गोपाल का किरदार निभाने वाले भगवानदास पटेल जबलपुर के रहने वाले हैं। मुंबई तक पहुंचने से पहले उन्होंने करीब छह साल थिएटर में काम किया। इसके बाद वह टीवी, फिल्मों और वेब सीरीज में अलग-अलग किरदारों में दिखाई दिए। उनके काम में ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘थार’, ‘रंगबाज’ और ‘फोटोग्राफ’ जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
फिल्म से जुड़े गायक साधु तिवारी ग्वालियर के रहने वाले हैं। वहीं सागर के दिव्यांग गायक सुनील लोधी ने फिल्म में बुंदेली भजन को अपनी आवाज दी है।
यह भी पढ़े:‘मिर्जापुर द मूवी’ के ‘शूरवीर’ गाने पर बढ़ा विवाद, दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा मामला; हटाने की मांग
CM मोहन यादव भी देख चुके हैं फिल्म
हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी ‘हनुमान अंश’ देखी थी। सुनील लोधी की प्रतिभा की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने निवास पर बुलाकर एक लाख रुपए की सम्मान निधि से सम्मानित किया था। फिल्म के 8 वर्षीय बाल कलाकार मास्टर सात्विक शर्मा भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं।
अब भोपाल में होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए फिल्म के कलाकार सीधे दर्शकों से जुड़ेंगे और फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे।

