सूरत। कतारगाम इलाके में एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है। रॉन्ग साइड से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक 29 वर्षीय हीरा कारोबारी को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
दूसरे युवक को बचाना पड़ा भारी
जानकारी अनुसार, निकुंज सवाणी अपनी बाइक पर जा रहे थे, तभी सामने से रोंग साइड में एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के लिए निकुंज ने अचानक ब्रेक मारी, जिससे उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही निकुंज पास से गुजर रही सिटी बस के पिछले टायर के नीचे आ गए। हादसे में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दूसरे की गलती की सजा एक निर्दोष युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


