सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय के हनुक्का पर्व के दौरान गोलीबारी की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि हनुक्का उत्सव के दौरान अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
2000 से अधिक लोग थे मौजूद
रिपोर्ट्स के अनुसार, जब यह घटना हुई उस समय बॉन्डी बीच पर करीब 2000 लोग मौजूद थे। गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने की सूचना है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन की ओर से मृतकों की आधिकारिक संख्या को लेकर अभी पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
वीडियो में दिखे हथियारबंद हमलावर
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर काले कपड़ों में हमलावर नजर आ रहे हैं। उनके हाथों में राइफल बताई जा रही है और वे ऊंचाई वाले स्थान से आम लोगों को निशाना बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
एंबुलेंस सेवा को शाम 6:45 बजे मिली सूचना
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से बताया गया है कि न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस सेवा को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:45 बजे बॉन्डी बीच पर गोली लगने की सूचना मिली। एंबुलेंस अधिकारियों के अनुसार कई घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इज़राइल के राष्ट्रपति ने बताया आतंकवादी हमला
इज़राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने सिडनी में यहूदी समुदाय पर हुए इस हमले को आतंकवादी कृत्य बताया है। उन्होंने कहा कि हनुक्का की पहली मोमबत्ती जलाने पहुंचे यहूदियों पर किया गया यह हमला अत्यंत क्रूर और घृणित है। राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


