नई दिल्ली। भारतीय विमानन क्षेत्र की चुनौतियां एक बार फिर सामने आईं जब दिल्ली से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को टेकऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी के चलते आपात स्थिति में वापस लौटना पड़ा। समय रहते सावधानीपूर्वक उठाए गए कदमों ने सैकड़ों जिंदगियां बचा लीं।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह उड़ान भरते ही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-887 के दाहिने इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई। पायलट और क्रू ने बिना देरी किए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया।
सुबह 6ः10 बजे उड़ान भरने वाला विमान करीब 6ः52 बजे सुरक्षित लैंड कर गया। चूंकि विमान डुअल इंजन वाला था, इसलिए एक इंजन पर सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सकी। इस त्वरित निर्णय से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया। यात्रियों के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की गई। बोर्डिंग गेट पर रिफ्रेशमेंट्स उपलब्ध कराए गए और सुबह 10 बजे दूसरी फ्लाइट से यात्रियों को मुंबई रवाना किया गया।
हाल के दिनों में एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस को तकनीकी कारणों से उड़ानें रोकनी पड़ी हैं। विजयवाड़ा-विशाखापत्तनम फ्लाइट की घटना ने भी सिस्टम पर सवाल खड़े किए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं विमानन सुरक्षा और मेंटेनेंस पर गंभीर मंथन की मांग करती हैं।
उड़ानों पर जारी है संकट, एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग


