क्या भारतीय रुपए से भी हटेगी महात्मा गांधी की तस्वीर? जॉन ब्रिटास के दावे से राजनीतिक हलचल

शेयर करे

नई दिल्ली। भारतीय मुद्रा पर अंकित महात्मा गांधी की तस्वीर देश की पहचान और विचारधारा का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे में इसे हटाने से जुड़े दावे ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है और सरकार की मंशा को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं।
राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने दावा किया है कि केंद्र सरकार भारतीय मुद्रा से महात्मा गांधी की तस्वीर हटाने पर विचार कर रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में उच्च स्तर पर शुरुआती चर्चाएं हो चुकी हैं और गांधी की जगह अन्य प्रतीकों को शामिल करने की योजना बनाई जा रही है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब मनरेगा के नाम परिवर्तन को लेकर पहले से ही राजनीतिक विवाद चल रहा है।
ब्रिटास के इस दावे ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का नया मुद्दा दे दिया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार जानबूझकर गांधी से जुड़े प्रतीकों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि महात्मा गांधी केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और अहिंसा के मूल्यों के प्रतीक हैं।
हालांकि भारतीय रिज़र्व बैंक पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मुद्रा से गांधी की तस्वीर हटाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। वर्ष 2022 में भी केंद्रीय बैंक ने ऐसी अटकलों को सिरे से खारिज किया था। इसके बावजूद राजनीतिक बयानबाज़ी थमने का नाम नहीं ले रही है।