बस खाई में गिरी और 7 जिंदगियां खत्म! उत्तराखंड अल्मोड़ा की है घटना

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में एक पर्यटकों से भरी बस खाई में गिर गई जिससे 7 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि भिकियासैंण विनायक रोड पर यह हादसा घटित हुआ है। बचाव दल बांकी यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटा है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में उपचार हेतु भेजा है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में द्वाराहाट से रामनगर जा रही एक यात्री बस भिकियासैंण क्षेत्र में विनायक के पास अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। बस में कुल 17 से 18 यात्रियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हादसे की सूचना पर पुलिस और जिला प्रशासन के साथ एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। ग्रामीण भी बिना समय गंवाए बचाव के आगे आए, खाई में गिरी बस से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बड़े मेडिकल सेंटरों में रेफर किया गया है।
आखिर कैसे हुआ यह हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भिकियासैंण इलाके के शिलापानी के पास हुआ, जहां सड़क संकरी और मोड़दार है। आशंका जताई जा रही है कि बस अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी। हालांकि, हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया साथ ही जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को तुरंत और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।