नीमच। ग्राम चीताखेड़ा स्थित तिरुपति फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल भरवाते समय अचानक आग भड़क उठी। गनीमत रही कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मोबाइल पर बात करते समय भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक वाहन चालक पेट्रोल भरवाते समय हेलमेट में मोबाइल लगाकर बात कर रहा था। इसी दौरान अचानक चिंगारी उठी और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। देखते ही देखते पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि मोबाइल के उपयोग के कारण ही चिंगारी भड़की।
कर्मचारियों की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
जैसे ही आग भड़की, पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने बिना घबराए तुरंत फायर सिलेंडर सक्रिय किए। समिति के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। कुछ ही मिनटों में लपटों को नियंत्रित कर लिया गया। अगर थोड़ी भी देर होती तो आग बड़ा रूप ले सकती थी और पेट्रोल पंप पर मौजूद कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
वीडियो में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पेट्रोल भरते समय अचानक आग लगती है और कर्मचारी तेजी से आग बुझाने में जुट जाते हैं। वीडियो में शुरुआती भगदड़ जैसे हालात भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन तत्परता के चलते स्थिति संभाल ली गई।
फिलहाल इस मामले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


