महाराष्ट्र । छत्रपति संभाजीनगर के मोंढा नाका फ्लाईओवर (उड़ान पुल) पर एक तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक 22 वर्षीय युवक और एक 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक रिक्शा से उछलकर सीधे नीचे जालना रोड पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य लोग भी घायल बताए जा रहें हैं। दुर्घटना के बाद कार पलट गई और उसका रुख विपरीत दिशा में हो गया।
जाने पूरा मामला
यह हादसा मोंढा नाका फ्लाईओवर, छत्रपति संभाजीनगर का बताया जा रहा है। बता दें रिक्शा आकाशवाणी से क्रांति चौक की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। ऑटो रिक्शा (MH 20 EK 4557) में छह लोग सवार थे। जिसमें से एक 5 साल की बच्ची की मौत हो गई और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी अनुसार, रिक्शा चालक टक्कर के दौरान उछलकर सीधे नीचे जालना रोड पर जा गिरा और उसकी तत्काल मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय रिक्शा चालक तुरंत मदद के लिए दौड़े। जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेख शारिक और उनके दोस्तों ने घायलों की मदद की।


