कल होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, एक दिवसीय विशेष सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा

शेयर करे

भोपाल। 16 दिसम्बर, मंगलवार को शाम 07:30 बजे बी-12 (ए), 74 बंगला, भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य 17 दिसम्बर, बुधवार को आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की रणनीति और रूपरेखा तैयार करना होगा। विशेष सत्र में “मध्यप्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने” के विषय पर विस्तृत चर्चा प्रस्तावित है।

बैठक में होगी मुद्दों पर बात

विधायकदल की बैठक में प्रदेश की आर्थिक स्थिति, किसानों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ विकास की वास्तविक चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही सरकार की नीतियों की समीक्षा करते हुए कांग्रेस विधायक दल द्वारा विशेष सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नेता उमंग सिंघार ने कहा—

प्रदेश को वास्तव में विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए खोखले नारों नहीं, ठोस नीतियों और ईमानदार राजनीतिक इच्छाशक्ति की ज़रूरत है। साथ ही कहा कि- एक दिवसीय विशेष सत्र केवल औपचारिकता न बने, बल्कि इसमें किसानों की आय, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, आदिवासी–दलित समाज के अधिकार और प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस विधायक दल इस विशेष सत्र में जनता की वास्तविक समस्याओं और प्रदेश के भविष्य की ठोस रूपरेखा को मजबूती से रखेगा।