ईरान ने ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ में पाकिस्तान जा रहे ‘SELEN’ जहाज को लौटाया

तेहरान/इस्लामाबाद |  पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान जा रहे कंटेनर जहाज ‘SELEN’ को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। ईरान के इस कदम को क्षेत्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, जहाज ने निर्धारित कानूनी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया था और आवश्यक अनुमति भी नहीं ली थी। इसी वजह से इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने सख्ती दिखाते हुए उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। फिलहाल इस पूरे इलाके में IRGC की निगरानी काफी बढ़ा दी गई है, खासकर उन जहाजों पर जो गैर-मित्र देशों से जुड़े हैं।

बता दें कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।  मुनीर ने  ट्रंप से बातचीत कर अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थता की पेशकश की थी। पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच संभावित शांति वार्ता की मेजबानी का प्रस्ताव भी रखा था वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी ईरान के साथ संपर्क बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन इन कूटनीतिक प्रयासों के बीच SELEN जहाज को रोके जाने की घटना को पाकिस्तान के लिए झटका माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है, वहां इस तरह की सख्ती आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और राजनीति दोनों पर असर डाल सकती है। फिलहाल, इस घटनाक्रम ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है और दुनिया की नजरें अब ईरान और पाकिस्तान के अगले कदम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *