ग्वालियर। इंडिगो उड़ानों को लेकर जहां जनता परेशान है, वहीं इससे अब केंद्रीय मंत्री भी अछूते नहीं रहे। दिल्ली से अपने गृहनगर ग्वालियर आते समय ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिल्ली एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। ग्वालियर आने के बाद मीडिया से चर्चा करते समय उन्होंने अपना दर्द यह कहते हुए जाहिर किया कि मैं क्या कर सकता हूं, मैं तो खुद डेढ़ घंटे से दिल्ली एयरपोर्ट पर बैठा रहा।
दरअसल, सिंधिया का बुधवार को ग्वालियर आने का कार्यक्रम था, लेकिन उड़ान की देरी ने उन्हें भी रोक लिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि इंडिगो की समस्या से वे भी गुजर चुके हैं। उड़ान इंतजार के इस अनुभव को उन्होंने सहजता से साझा किया, लेकिन स्थिति की गंभीरता भी जाहिर कर दी।
6 जी और तकनीकी विकास पर बड़ा बयान
मीडिया से चर्चा करते हुए दूरसंचार मंत्री ने कहा कि दुनिया जहां 6 जी को लेकर मंथन कर रही है, वहीं भारत भी तेजी से इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 6 जी की योजना और खाका तैयार कर लिया गया है ।
सिंधिया ने यह भी कहा कि भारत इस नई तकनीक में कम से कम 10 प्रतिशत आईपीआर हासिल करे, इसके लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है। इसके तहत उपकरण निर्माण से लेकर तकनीकी विकास तक कई कदम उठाए जा रहे हैं।
भारत की टेलीकॉम क्षमता पर भरोसा
सिंधिया ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे बड़ी टेलीकॉम मार्केट है। यहां सबसे कम कीमत पर ब्रॉडबैंड और कॉलिंग सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भारत को दूरसंचार क्षेत्र में और भी मजबूत बनाएगा।
मैं, क्या कर सकता हूं, मैं खुद परेशान हूं, केंद्रीय मंत्री सिंधिया को करना पड़ा एयरपोर्ट पर घंटों का इंतजार


