नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में प्रदूषण ने स्थिति गंभीर कर दी है। घने कोहरे के कारण जहां विजिबिलिटी में गिरावट आई है तो सांस लेना भी मुश्किल हो रही है। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के कारण उड़ानों पर विराम लगा दिया। एअर इंडिया और इंडिगो व स्पाइस जेट सहित कई कंपनियों ने इस कारण हुई यात्रियों को परेशानी के चलते एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने भी इसी तरह की चेतावनी जारी की और यात्रियों को पहले से अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के हवाईअड्डों पर बहुत घना कोहरा छाया हुआ है, जहां सफदरजंग में विजिबिलिटी शून्य और पालम में केवल 50 मीटर रह गई है।
एयर इंडिया ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली और उत्तर तथा पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने का अनुमान है, जिससे उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हो सकता है। एयरलाइन ने बताया कि घने कोहरे का असर पूरे फ्लाइट नेटवर्क पर पड़ सकता है। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया एकाउंट पर एडवाइजरी जारी की और कहा कि रुकावटों को कम करने के लिए उन्होंने पहले से ही कदम उठाए हैं।
एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। प्रभावित होने की संभावना वाली फ्लाइट्स के यात्रियों को पहले से अलर्ट भेजा जाएगा। इन यात्रियों के पास बिना अतिरिक्त खर्च किए अपनी फ्लाइट बदलने का विकल्प होगा या वे टिकट का पूरा रिफंड भी मांग सकते हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने का अनुरोध किया है। इस बीच, इंडिगो एयरलाइंस ने भी शुक्रवार सुबह उत्तर भारत में कोहरे के कारण एडवाइजरी जारी की।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शुक्रवार सुबह 07ः05 बजे दिल्ली का एक्यूआई 387 पर पहुंच गया, जो गुरुवार के 373 के औसत से और खराब है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि आज हवाओं में सुधार होने की संभावना है, लेकिन वीकेंड में एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हवा की गुणवत्ता को फिर से खराब कर सकता है।
दिल्ली में घने कोहरे ने थामी उड़ानें, एअर इंडिया, इंडिगो सहित एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी


